BCCI में बड़ा बदलाव, रोजर बिन्नी के इस्तीफे के बाद कौन संभालेगा कमान,
जानें कौन है प्रमुख दावेदार
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
BCCI: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) में एशिया कप से पहले बड़ा बदलाव हुआ है। BCCI के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद राजीव शुक्ला को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है। शुक्ला नए अध्यक्ष के चुनाव होने तक इस पद का कार्यभार संभालेंगे। यह फैसला 27 अगस्त को हुई एपेक्स काउंसिल की बैठक में लिया गया। इस बैठक में बिन्नी शामिल नहीं हुए।
रोजर बिन्नी का इस्तीफा और कारण
बिन्नी को BCCI संविधान के नियमों के तहत पद छोड़ना पड़ा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुसार चलता है। बोर्ड के किसी भी पदाधिकारी की अधिकतम आयु सीमा 70 साल है। रोजर बिन्नी 19 जुलाई को 70 साल के हो गए, इसलिए उन्हें अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा। बिन्नी ने सौरव गांगुली के बाद यह पद संभाला था। उनके कार्यकाल में भारत ने ICC टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें 2023 में वनडे वर्ल्ड कप और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलना, 2024 में T20 वर्ल्ड कप जीतना और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतना शामिल है।
राजीव शुक्ला की लंबी क्रिकेट और प्रशासनिक यात्रा
राजीव शुक्ला लंबे समय से क्रिकेट से जुड़े हैं। उन्होंने पत्रकारिता से करियर शुरू किया और फिर राजनीति और क्रिकेट प्रशासन में आए। शुक्ला ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में काम किया और 2011 में IPL चेयरमैन बने। उन्होंने 2020 और 2022 में BCCI उपाध्यक्ष के रूप में चुने जाने के बाद अब कार्यवाहक अध्यक्ष का पद संभाला है।
बोर्ड के सामने नई चुनौतियां
शुक्ला के सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम के लिए किट स्पॉन्सर ढूंढना है। बोर्ड ने ड्रीम इलेवन के साथ करार समाप्त कर दिया है। संसद में ऑनलाइन गेम्स पर नए नियम आने के बाद बोर्ड ने सरकार के खिलाफ नहीं जाने का फैसला किया। कई कंपनियां किट स्पॉन्सर बनने के इच्छुक हैं, लेकिन एशिया कप से पहले नई डील करना मुश्किल दिख रहा है।