अब नहीं बचेगा मेहुल चोकसी… भारत ने बेल्जियम को दिया पक्का भरोसा,
अब तय है प्रत्यर्पण का रास्ता
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Mehul Choksi: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में हजारों करोड़ रुपये के ऋण घोटाले के मुख्य आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर भारत सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने बेल्जियम के न्याय मंत्रालय को एक विस्तृत पत्र भेजकर यह भरोसा दिलाया है कि अगर चोकसी को भारत लाया जाता है तो उसके मानवाधिकारों और स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाएगा। चोकसी को इसी साल अप्रैल 2025 में बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था और वहां प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। इसी प्रक्रिया के दौरान भारत ने बेल्जियम सरकार को आश्वासन दिया है।
गृह मंत्रालय का बेल्जियम को विस्तृत पत्र
भारत सरकार की ओर से यह पत्र 4 सितंबर 2025 को भेजा गया। इसमें साफ कहा गया है कि मेहुल चोकसी को प्रत्यर्पित किए जाने पर मुंबई की आर्थर रोड जेल के बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा। गृह मंत्रालय ने इस पत्र में हिरासत से जुड़ी सभी शर्तों का विस्तृत ब्यौरा दिया है, ताकि बेल्जियम सरकार को कोई संदेह न रहे।
चोकसी की हिरासत को लेकर भारत के आश्वासन
पत्र में बताया गया कि चोकसी को कम से कम तीन वर्ग मीटर की निजी जगह मिलेगी, जिसमें साफ कपास का गद्दा, तकिया, चादर और कंबल उपलब्ध होगा। जरूरत पड़ने पर लकड़ी या धातु का बिस्तर भी दिया जा सकेगा। उनके सेल में पर्याप्त रोशनी और हवा का इंतजाम होगा, साथ ही निजी सामान रखने की जगह भी होगी। चोकसी को रोजाना साफ पीने का पानी और 24 घंटे चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा उन्हें साफ शौचालय और नहाने की सुविधा, पर्याप्त भोजन और प्रतिदिन व्यायाम व मनोरंजन के लिए समय भी दिया जाएगा।
महाराष्ट्र सरकार से विचार-विमर्श के बाद तैयार हुआ आश्वासन
इन सभी प्रावधानों को महाराष्ट्र सरकार से विचार-विमर्श के बाद तय किया गया है। दरअसल, बेल्जियम सरकार ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया के दौरान मानवाधिकार और हिरासत की स्थिति पर सवाल उठाए थे। भारत सरकार ने यह कदम उठाकर यह साफ कर दिया है कि चोकसी के साथ किसी तरह का अमानवीय व्यवहार नहीं होगा और उनकी सेहत व अधिकारों का ध्यान रखा जाएगा।