नहीं थम रही सोना-चांदी की रफ्तार… आज फिर रिकॉर्ड तोड़ उछाल,
जानें ताज़ा रेट
13 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Gold-Silver Price Today: भारत में सोना और चांदी हमेशा से निवेशकों की पहली पसंद रहे हैं, लेकिन बुधवार का दिन इन दोनों धातुओं के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर सोने की कीमतें नए रिकॉर्ड पर पहुंच गईं। 10 ग्राम सोने का भाव 1,27,000 के पार जाकर अब तक का सबसे ऊंचा स्तर छू गया। वहीं, चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। विशेषज्ञों के अनुसार, यह तेजी अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद के कारण आई है।
नए रिकॉर्ड स्तर पर सोना और चांदी बुधवार सुबह कारोबारी सत्र की शुरुआत में सोने का भाव 1,26,915 प्रति 10 ग्राम था, जो पिछले बंद भाव से लगभग आधा प्रतिशत ज्यादा था। दिन के दौरान सोना 1,27,500 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह भारतीय निवेशकों के लिए अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। चांदी के दामों में भी तेजी जारी रही। MCX पर चांदी का भाव सुबह 1,59,800 प्रति किलोग्राम से शुरू होकर दिन में 1,61,418 तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती मांग और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता ने इन कीमती धातुओं की कीमतों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।
निवेशकों की पहली पसंद बना सोना और चांदी विशेषज्ञों का मानना है कि सोना और चांदी वर्तमान में सबसे सुरक्षित निवेश विकल्प बन गए हैं। इस साल अब तक सोने की कीमतों में करीब 55% की तेज वृद्धि दर्ज की गई है, जो पिछले कई वर्षों की तुलना में काफी अधिक है। पिछले 20 सालों की बात करें तो 2005 में सोने की कीमत 7,638 प्रति 10 ग्राम थी, जो अब 1,00,000 से ऊपर पहुंच चुकी है। यानी सोने ने 16 सालों में लगातार पॉजिटिव रिटर्न दिया है, जिससे यह निवेशकों के लिए भरोसेमंद विकल्प साबित हुआ है।
2005 से 2025 तक चांदी की चमक सोने की तरह चांदी ने भी निवेशकों को निराश नहीं किया है। पिछले कुछ महीनों से चांदी की कीमत 1 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास बनी हुई है। 2005 से 2025 के बीच चांदी की कीमतों में लगभग 668 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि हुई है। आर्थिक अस्थिरता और बढ़ती औद्योगिक मांग के चलते विशेषज्ञों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी सोना और चांदी दोनों निवेश के मजबूत साधन बने रहेंगे।