2 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे थे फेस्टिवल में... सफाई के दौरान मिले ऐसे कीमती और अजीब सामान,
जानकर दंग रह जाएंगे आप
8 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Viral News: ब्रिटेन के समरसेट में हर साल पांच दिन का ग्लास्टनबरी फेस्टिवल आयोजित होता है। यह उत्सव संगीत, कला और परफॉर्मिंग आर्ट्स के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। हर बार लाखों लोग इसमें शामिल होते हैं और इस बार करीब 2 लाख से ज्यादा म्यूजिक फैंस पहुंचे थे। इतने बड़े स्तर पर आयोजित हुए इस कार्यक्रम के बाद मैदान में काफी गंदगी और कचरा फैल गया था। इस गंदगी को साफ करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को लगाना पड़ा। सफाई के दौरान कुछ ऐसा सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। एक सफाईकर्मी ने सोशल मीडिया पर खुलासा किया कि मैदान पर फैला कचरा साफ करने में उन्हें कई अजीब और कीमती चीजें मिलीं।
75 लोगों की टीम ने संभाली सफाई की जिम्मेदारी
टिकटॉक यूजर वी नाम के एक शख्स ने बताया कि वह इस काम के लिए बनी 75 लोगों की टीम का हिस्सा थे। यह टीम ईविस परिवार की जमीन को साफ करने में जुटी थी। वी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने करीब एक महीने तक कचरा साफ किया और इस दौरान मैदान में छोड़ी गई अनगिनत चीजें देखीं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह काम जितना मुश्किल लगा, उतना ही चौंकाने वाला भी था।
कीमती ज्वेलरी से लेकर खिलौनों तक का मिला खजाना
वी ने अपने बैग से कई सामान दिखाए। इसमें एक रबर हैंड, छोटे सीरियल बाउल्स के लिए चम्मचों का कलेक्शन, 12 ईयररिंग्स, 10 नेकलेस, दो ब्रेसलेट्स और पांच रिंग्स थीं। इनमें से एक रिंग पर हेलो किट्टी का डिजाइन बना था। इतना ही नहीं, उन्हें ब्लू-हेअर्ड ट्रोल्स फिगर, दो छोटे डायनासोर, चार हाउस कीज़, रबर स्क्विड और छोटे-छोटे रबर डक्स भी मिले। इसके अलावा, स्केलेटन आर्म और एक गोल्डन डबलून भी कचरे में से निकला।
कैश और अजीब सामान भी मिला
वी ने बताया कि उन्हें 40 पाउंड कैश भी मिला, जिसे उन्होंने खर्च कर दिया। इसके अलावा उन्हें एक चॉकलेट फ्लेक जैसी लाठी, क्रोक चार्म्स, लाइट स्विच, पलेक्टम, वुडन डाइस, दो शेल्स और एक गोल्डन टॉप भी मिला। मजाक करते हुए उन्होंने यहां तक कहा कि एक महिला का गारमेंट भी मिला और पूछा कि क्या यह सब एक महीने तक कचरा साफ करने के लायक था।
लोगों की प्रतिक्रिया और पर्यावरण की चिंता
वी ने बताया कि उन्होंने एक चम्मच उसके मालिक को वापस भेज दिया है और बाकी सामान भी मालिकों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई कुछ खो चुका है तो सबूत देने पर उसे सुरक्षित तरीके से लौटा दिया जाएगा। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस पूरे मामले को लेकर नाराजगी जताई। लोगों ने कहा कि इतने बड़े आयोजन के बाद इतनी गंदगी छोड़ना पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है। एक यूजर ने लिखा, हमें अब विलुप्त हो जाना चाहिए, क्योंकि हम जो कचरा छोड़ते हैं वह शर्मनाक है। वहीं, एक अन्य ने कहा कि अब किसी को पर्यावरण की परवाह ही नहीं रही।