NDA में महिलाओं ने रचा इतिहास,
2021 में सुप्रीम कोर्ट ने दी थी अनुमति
2 months ago
Written By: NEWS DESK
Women in NDA: 30 मई 2025 यानी आज का यह दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है, क्योंकि आज पहली बार, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) से महिला कैडेट्स का पहला बैच पास हुआ। इस पासिंग आउट परेड में 17 महिला कैडेट्स ने 300 से ज्यादा पुरुष कैडेट्स के साथ ग्रेजुएट होकर भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में शामिल होने की राह पकड़ी है। इसके बाद हर ओर इसकी चर्चा हो रही है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से खुले NDA के दरवाजे
दरअसल, साल 2021 में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद महिलाओं को NDA में शामिल होने की इजाजत मिली थी। इससे पहले 75 वर्षों तक महिलाओं को टेरिटोरियल आर्मी में ऑफिसर पदों पर भर्ती का प्रावधान नहीं था। इस असमानता के खिलाफ कुश कालरा ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां 18 अगस्त 2021 को कोर्ट ने NDA में लड़कियों के प्रवेश का रास्ता साफ कर दिया।
2022 में हुआ पहला महिला बैच शामिल
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद वर्ष 2022 में पहली बार 17 महिला कैडेट्स NDA में शामिल हुईं। अब 2025 में इन सभी कैडेट्स ने सफलतापूर्वक ट्रेनिंग पूरी कर ली है और भारतीय सशस्त्र बलों की वर्दी पहनने को तैयार हैं।
परेड में जनरल वी.के. सिंह ने दी सलामी
इस दौरान पुणे के खड़कवासला स्थित NDA परिसर में पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में सेना के पूर्व प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जनरल वी.के. सिंह ने परेड की सलामी ली और कैडेट्स को प्रेसिडेंट्स अवॉर्ड प्रदान किए। उन्होंने कहा, "इतिहास में पहली बार इस ग्राउंड से लड़कियों का बैच भी पास हो रहा है। यह नारी शक्ति को सलाम है।"
जनरल सिंह ने यह भी कहा कि यह ट्रेनिंग का अंत नहीं, बल्कि नई संभावनाओं और जिम्मेदारियों की शुरुआत है। यह कदम देश में लैंगिक समानता की दिशा में एक बड़ा और प्रेरणादायक परिवर्तन है।