नॉर्थ ईस्ट ने चुनी गेंदबाजी, जुरेल की टीम सेंट्रल ज़ोन के खिलाफ मैदान पर,
शमी करेंगे वापसी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Duleep Trophy 2025: दलीप ट्रॉफी के मुकाबलों की शुरुआत हो चुकी है और मैदान पर टीम इंडिया के कई बड़े खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। इस बार नॉर्थ जोन का मुकाबला ईस्ट जोन से और सेंट्रल जोन का मुकाबला नॉर्थ ईस्ट जोन से हो रहा है। खास बात यह रही कि भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और उनके साथी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का नाम टूर्नामेंट के लिए चुना गया था लेकिन दोनों ने निजी कारणों से नाम वापस ले लिया। गिल बीमार पड़ गए, जबकि ईशान चोट की वजह से बाहर हो गए। उनकी जगह ईस्ट जोन की कप्तानी अभिमन्यु ईश्वरन को मिली है, जबकि नॉर्थ जोन की जिम्मेदारी उप-कप्तान अंकित कुमार ने संभाली है।
टॉस जीतकर दोनों कप्तानों ने चुनी गेंदबाजी
ईस्ट जोन की ओर से कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने टॉस जीतकर नॉर्थ जोन को बल्लेबाजी का न्योता दिया। इस मैच में मोहम्मद शमी पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं क्योंकि वह लंबे समय बाद रेड बॉल क्रिकेट खेल रहे हैं। वहीं नॉर्थ ईस्ट जोन के कप्तान जोनाथन रोंगसेन ने भी टॉस जीतकर सेंट्रल जोन के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सेंट्रल जोन की कप्तानी ध्रुव जुरेल कर रहे हैं और इस टीम में रजत पाटीदार जैसे मजबूत खिलाड़ी शामिल हैं।
शमी करेंगे फिटनेस साबित
34 साल के अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछली बार 2023 में टेस्ट खेले थे। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरों से दूर रहने के बाद अब वह रेड बॉल फिटनेस साबित करने मैदान में उतरेंगे। वहीं अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जो एशिया कप टीम का हिस्सा हैं, शुरुआती मैचों में दमखम दिखाने के बाद जल्द ही यूएई जाकर टी20 टीम से जुड़ेंगे।
ईस्ट जोन में विराट सिंह को मौका
ईस्ट जोन की टीम में इस बार विराट सिंह को जगह दी गई है। उन्होंने पिछले कुछ सालों में बेहतरीन खेल दिखाया है और चयनकर्ताओं को प्रभावित करना चाहते हैं। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन भी लंबे समय तक बेंच पर रहने के बाद अब रन बनाने के लिए बेकरार हैं।
दलीप ट्रॉफी 2025 टीमें
ईस्ट जोन: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), संदीप पटनायक, विराट सिंह, दिनेश दास, श्रीदाम पॉल, शरनदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, रियान पराग, उत्कर्ष सिंह, मनीषी, सूरज सिंधु जायसवाल, मुकेश कुमार, आकाश दीप, मोहम्मद शमी।
नॉर्थ जोन: शुभम खजुरिया, अंकित कुमार (कप्तान), आयुष बडोनी, यश ढुल, अंकित कालसी, निशांत संधू, साहिल लोटरा, मयंक डागर, युधवीर सिंह चरक, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, अंशुल कांबोज, औकिब नबी, कन्हैया वाधवान।