भाई से दुश्मनी का बदला बहन से लिया...रची ऐसी क्राइम स्क्रिप्ट,
खुलासा हुआ तो सुनने वालों के पैरों तले खिसक गई जमीन
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Delhi News : राजधानी दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में एक महिला के घर हुई लूट की घटना ने सबको चौंका दिया। शुरुआत में यह मामला आम डकैती का लग रहा था। लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो सच्चाई कुछ और ही निकली। घटना 30 अप्रैल की रात की है। चार हथियारबंद युवक एक महिला के घर में घुस आए। उन्होंने पिस्तौल की नोक पर महिला को बंधक बना लिया। फिर घर से 25 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिए। आरोपियों ने महिला को घर में बंद किया और फरार हो गए। डरी सहमी महिला ने किसी तरह खुद को आज़ाद किया। उसने पड़ोसियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में जो खुलासा हुआ वह हैरान करने वाला था। इस लूट के पीछे मनीष उर्फ जतिन नाम का युवक था। वह पहले पीड़िता के भाई के साथ हत्या की कोशिश के एक केस में सह आरोपी था। उसी केस के बाद दोनों के बीच दुश्मनी हो गई थी।
फिल्मी अंदाज में रची गई लूट की स्क्रिप्ट
मनीष ने 2024 में बदला लेने की ठानी। उसे पता था कि महिला का परिवार कपड़े के व्यापार से जुड़ा है और घर में नकद पैसा रहता है। मनीष ने अपने साथी आयुष उर्फ ईशू को इस प्लान में शामिल किया। फिर आयुष ने राहुल उर्फ मिर्जा, जतिन उर्फ बॉबी और सचिन उर्फ गौरव को जोड़ा। एक और युवक देशी पिस्तौल लेकर उनके साथ जुड़ गया। इसके बाद पूरी टीम ने फिल्मी अंदाज में लूट की योजना बनाई।
इंटर स्टेट सेल ने पांच आरोपी दबोचे
बता दें कि इस घटना के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल ने कार्रवाई की। गाजियाबाद और नोएडा में छापेमारी की गई। सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने इनके पास से 11.45 लाख रुपये नकद, एक देशी पिस्टल, एक बाइक और लूट से खरीदे गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए। यह घटना दिखाती है कि निजी दुश्मनी कैसे अपराध का रूप ले सकती है। साथ ही यह राजधानी की सुरक्षा पर भी सवाल उठाती है।