कब और कैसे अपडेट कराएं बच्चों का आधार कार्ड,
जानें स्टेप बाई स्टेप प्रोसेस और भीड़ से बचने के तरीके
22 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Child Aadhaar Card Update: आधार कार्ड अब भारतीय नागरिकों के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। यह केवल पहचान पत्र ही नहीं, बल्कि वित्तीय सेवाओं और सरकारी योजनाओं का आधार भी है। बैंक खाता खोलने से लेकर स्कूल एडमिशन तक हर जगह इसकी जरूरत होती है। वयस्क नागरिकों को आधार एक बार बनवाने के बाद जीवनभर अपडेट करने की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन बच्चों के मामले में यह जरूरी हो जाता है। बच्चों के आधार को समय-समय पर अपडेट करना अनिवार्य है, क्योंकि उनके शरीर और बायोमेट्रिक जानकारी में बदलाव आते रहते हैं।
किस उम्र में कराना होता है अपडेट UIDAI के नियमों के अनुसार बच्चों के आधार कार्ड का पहला अपडेट 5 साल की उम्र में और दूसरा अपडेट 15 साल की उम्र में कराना जरूरी होता है। यह अपडेट न कराने पर भविष्य में बच्चों को एडमिशन, प्रतियोगी परीक्षाओं या सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने में परेशानी हो सकती है। बच्चों की बायोमेट्रिक जानकारी को सही रखने के लिए यह कदम जरूरी है।
अपडेट करने की प्रक्रिया बच्चों का आधार अपडेट कराने के लिए माता-पिता को नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर अपॉइंटमेंट लेना होता है। तय समय पर वहां जाकर बच्चे के फिंगरप्रिंट, आंखों की स्कैनिंग और नई फोटो ली जाती है। कई मामलों में जन्म प्रमाण पत्र भी मांगा जाता है। इन सभी औपचारिकताओं के बाद आधार अपडेट हो जाता है। खास बात यह है कि बच्चों का आधार अपडेट पूरी तरह मुफ्त है और इसके लिए किसी तरह की फीस नहीं देनी पड़ती।
अपॉइंटमेंट और सुविधा भीड़ से बचने के लिए माता-पिता UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पहले से अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा स्कूलों में लगाए जाने वाले आधार कैंप में भी यह काम आसानी से कराया जा सकता है। तय समय पर सेंटर पहुंचकर यह प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सकती है।