Chardham Yatra 2025 Helicopter Crash: चारधाम यात्रा में हादसों के कार्रवाई से मचा हड़कंप,
दो पायलटों के लाइसेंस रद्द
1 months ago
Written By: NEWS DESK
उत्तराखंड में इस साल चारधाम यात्रा के शुरुआती 40 दिनों के भीतर लगातार पांच हेलीकॉप्टर हादसे सामने आए हैं, जिससे यात्रियों और प्रशासन दोनों में हड़कंप मच गया है। इन घटनाओं के मद्देनज़र अब उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में दो हेलीकॉप्टर पायलटों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं।
15 जून को क्रैश हुआ था हैलीकाप्टर
दरअसल, 15 जून की सुबह 5 से 6 बजे के बीच के शेड्यूल में आर्यन हेली कंपनी और ट्रांस भारत कंपनी के कुल तीन हेलिकॉप्टरों ने उड़ान भरी थी। सभी हेलीकॉप्टर गुप्तकाशी से यात्रियों को लेकर केदारनाथ के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान मौसम खराब था और आसमान में घना कोहरा छाया हुआ था। आर्यन हेली कंपनी का हेलिकॉप्टर सबसे आगे था, जिसके पीछे ट्रांस भारत के दो हेलिकॉप्टर उड़ान भर रहे थे। कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम थी और इसी कारण आर्यन कंपनी का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हालांकि, ट्रांस भारत के दोनों हेलिकॉप्टर सुरक्षित गुप्तकाशी लौटने में सफल रहे। हादसे के बाद ट्रांस भारत के दोनों पायलट योगेश ग्रेवाल और जितेंद्र हरजई ने ही सूचना दी थी कि आर्यन का हेलिकॉप्टर गंतव्य पर नहीं पहुंचा। इसके बाद तलाशी अभियान शुरू हुआ।
DGCA ने लिया सख्त फैसला
जिसके बाद मामले की जांच में पाया गया कि, खराब मौसम के बावजूद उड़ान भरना एक गंभीर लापरवाही थी। इस पर डीजीसीए ने ट्रांस भारत के दोनों पायलटों का लाइसेंस छह-छह महीने के लिए रद्द कर दिया है। हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि, यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने के कारण की गई है। इस फैसले के जरिए सभी हेली कंपनियों और पायलटों को यह सख्त संदेश देने की कोशिश की गई है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।