MP की अनोखी शादी रस्म, बुरहानपुर में साड़ी के लठ्ठे से होती है दूल्हा-दुल्हन की धुनाई,
लोग देखते हैं खुशी से ये रिवाज
7 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Madhya Pradesh: भारत विविधताओं और अनोखी परंपराओं का देश है। हर राज्य, हर समाज की अपनी अलग पहचान और रीतियां होती हैं। ऐसी ही एक अनोखी परंपरा देखने को मिलती है मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में, जहां गुर्जर साली सकल पंच समाज एक विशेष शादी रस्म का पालन करता है। इस समाज की एक परंपरा इतनी अनोखी है कि जिसे सुनकर हर कोई चौंक जाए। शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन की बाकायदा धुनाई होती है, वो भी साड़ी से बनाए गए कपड़े के लठ्ठे से।
शादी के बाद होती है रस्म की शुरुआत
उस गांव की एक महिला ने बताया कि यह परंपरा काफी पुरानी है और आज भी समाज में पूरी श्रद्धा और खुशी के साथ निभाई जाती है। जैसे ही शादी पूरी होती है और दूल्हा काकन छुड़वाकर दुल्हन को घर लाता है, उसी समय यह रस्म होती है।
साड़ी से बना कपड़ा और धुनाई का तरीका
इस रस्म में समाज की महिलाएं दुल्हन की हल्दी वाली साड़ी का इस्तेमाल करती हैं। उसी साड़ी से एक लठ्ठा बनाया जाता है और फिर दूल्हा-दुल्हन को भगवान के सामने बैठाकर उनके प्रेम और आशीर्वाद के प्रतीक के रूप में हल्की-फुल्की धुनाई की जाती है। इस प्रक्रिया को नकारात्मकता हटाने और नवदंपत्ति को शुभकामनाएं देने की परंपरा के रूप में देखा जाता है।
समाज के अध्यक्ष ने दी जानकारी
समाज के अध्यक्ष ने बताया कि यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। शादी के अगले दिन जब दुल्हन को दूल्हे के घर ले जाया जाता है, तभी यह रस्म पूरी की जाती है। समाज इसे न केवल निभाता है बल्कि गर्व से इसका प्रचार भी करता है।
लोगों की लगती है भीड़
यह अनोखी रस्म सिर्फ समाज के लोगों के लिए नहीं, बल्कि दूसरे समाज के लोग भी इसे देखने पहुंचते हैं। रस्म के दौरान माहौल बेहद उत्साही होता है और सभी इसे प्रेम और आनंद के साथ निभाते हैं। इस परंपरा की खास बात यह है कि इसे चोट या अपमान के रूप में नहीं, बल्कि प्रेम, आशीर्वाद और सामाजिक एकता के रूप में देखा जाता है।