शाहरुख खान का नेशनल अवॉर्ड और बिहार चुनाव…
कांग्रेस ने BJP पर लगाया तुष्टीकरण का आरोप
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Bihar Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान अचानक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। हाल ही में उन्हें मिला नेशनल अवॉर्ड अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह सम्मान चुनावी रणनीति का हिस्सा है और भाजपा ने इसे मुस्लिम वोटरों को लुभाने के मकसद से दिया है। इस आरोप के बाद बिहार की सियासी जंग में एक नया मुद्दा जुड़ गया है, जिस पर दोनों दल आमने-सामने आ गए हैं।
महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक का विवादित बयान विवाद की शुरुआत महाराष्ट्र कांग्रेस के विधायक भाई जगताप के बयान से हुई। उन्होंने कहा कि शाहरुख खान को यह नेशनल अवॉर्ड केवल बिहार चुनाव को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। उनका आरोप है कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन अल्पसंख्यक समुदाय, खासकर मुस्लिम वोट बैंक को साधने के लिए शाहरुख खान का सहारा ले रहा है। जगताप ने यह भी कहा कि यह सम्मान चुनावी फायदा लेने और मुस्लिमों को लुभाने के लिए दिया गया है।
अल्पसंख्यक वोटों को साधने का आरोप कांग्रेस का कहना है कि बिहार के सीमांचल और मुस्लिम बहुल इलाकों में भाजपा इस कदम के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करना चाहती है। शाहरुख खान की लोकप्रियता और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान का इस्तेमाल अल्पसंख्यक वोटरों को अपनी तरफ खींचने के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस इसे सांस्कृतिक तुष्टीकरण बताकर भाजपा पर सीधा हमला कर रही है।
भाजपा का पलटवार कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बयान न केवल शाहरुख खान जैसे प्रतिष्ठित कलाकार का अपमान है, बल्कि पुरस्कारों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस हर मुद्दे को सांप्रदायिक नजर से देखती है और अब राष्ट्रीय सम्मान तक को चुनावी राजनीति से जोड़ रही है। भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस की निम्न मानसिकता करार दिया।