बिहार चुनाव पर बड़ा अपडेट: 5 से 15 नवंबर के बीच तीन चरणों में हो सकती है वोटिंग,
जानें वजह
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Bihar Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के अनुसार इस बार राज्य में तीन फेज में चुनाव कराए जा सकते हैं। नए विधानसभा के गठन की प्रक्रिया नवंबर के पहले या दूसरे हफ्ते तक पूरी करनी होगी। चुनाव आयोग अक्टूबर के पहले या दूसरे हफ्ते में, दुर्गापूजा के बाद, चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। यह तय है कि चुनाव की तारीखें दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए तय होंगी।
चुनाव आयोग की तैयारियां
बता दें कि बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। इससे पहले नए सदन का गठन जरूरी है। माना जा रहा है कि 5 से 15 नवंबर के बीच तीन चरणों में वोटिंग होगी और 20 नवंबर से पहले नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। तारीखों का निर्धारण करते समय कार्तिक पूर्णिमा पर्व का भी ध्यान रखा जाएगा।
पिछले चुनावों की झलक
साल 2020 में भी बिहार की 243 सीटों के लिए तीन चरणों में वोटिंग कराई गई थी। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 94 सीटों पर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 78 सीटों पर मतदान हुआ था। इसके बाद 10 नवंबर को नतीजे आए थे। जबकि 2015 के विधानसभा चुनाव पांच चरणों में पूरे हुए थे।
मुकाबले की तस्वीर
इस बार चुनावी रण में NDA और इंडिया ब्लॉक आमने-सामने होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA एक और कार्यकाल की उम्मीद कर रहा है। दूसरी ओर, राजद, कांग्रेस और वाम दलों का गठबंधन इंडिया ब्लॉक सत्ता से उन्हें बाहर करने की रणनीति बना रहा है। प्रशांत किशोर भी इस चुनावी जंग को त्रिकोणीय बनाने की कोशिशों में जुटे हैं।
मौजूदा विधानसभा की स्थिति
बिहार विधानसभा में कुल 243 सदस्य हैं। इसमें अभी NDA के पास बहुमत है। बीजेपी के 80, जदयू के 45, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के 4 और 2 निर्दलीय विधायकों को मिलाकर NDA के 131 विधायक हैं। वहीं इंडिया ब्लॉक के पास 111 विधायक हैं, जिनमें राजद के 77, कांग्रेस के 19, भाकपा (माले) के 11, माकपा के 2 और भाकपा के 2 विधायक शामिल हैं।