Aadhaar Card अपडेट अब जेब पर भारी,
घर बैठे सेवा के लिए चुकाने होंगे 700 रुपये तक
25 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Aadhaar Card: आधार कार्ड अपडेट अब जेब पर पहले से ज्यादा भारी पड़ने वाला है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार अपडेट के नए चार्जेस लागू कर दिए हैं। 1 अक्टूबर 2025 से आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर या फिंगरप्रिंट जैसी जानकारियों को अपडेट कराने के लिए ज्यादा पैसे देने होंगे। कुछ सेवाओं के लिए शुल्क 700 रुपये तक तय किया गया है। ये नए चार्जेस 30 सितंबर 2028 तक लागू रहेंगे और उसके बाद इनकी समीक्षा की जाएगी। UIDAI ने साफ किया है कि चाहे डेमोग्राफिक अपडेट हो या बायोमेट्रिक, अब सभी के लिए तय फीस देनी होगी।
डेमोग्राफिक अपडेट के चार्जेस नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ईमेल जैसी जानकारी में बदलाव के लिए अब 75 रुपये देने होंगे। पहले यह फीस 50 रुपये थी। हालांकि, अगर डेमोग्राफिक अपडेट बायोमेट्रिक अपडेट के साथ किया जाएगा तो अतिरिक्त पैसा नहीं देना होगा।
बायोमेट्रिक अपडेट के लिए ज्यादा खर्च फिंगरप्रिंट, आंखों का स्कैन और फोटो बदलवाने पर अब 125 रुपये चुकाने होंगे। पहले भी यह शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब इसकी राशि बढ़ा दी गई है।
डॉक्यूमेंट अपडेट और ऑनलाइन सुविधा आधार केंद्र पर जाकर आईडी प्रूफ या एड्रेस प्रूफ बदलवाने पर भी अब 75 रुपये खर्च करने होंगे, जबकि पहले इसके लिए 50 रुपये देने होते थे। हालांकि myAadhaar पोर्टल पर यह सेवा 14 जून 2026 तक मुफ्त उपलब्ध रहेगी।
आधार कार्ड प्रिंट का शुल्क पहली बार आधार का प्रिंट निकालने पर 40 रुपये और दूसरी बार निकालने पर 50 रुपये देने होंगे।
घर बैठे आधार सुविधा UIDAI ने आधार अपडेट घर बैठे कराने की भी सुविधा शुरू की है। इसके लिए विजिट चार्ज 700 रुपये रखा गया है। अगर उसी पते पर अन्य सदस्य भी आधार सेवाएं लेना चाहते हैं तो प्रत्येक के लिए 350 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
बच्चों के लिए क्या है नियम 5 से 7 साल तक के बच्चों का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह मुफ्त होगा। 7 से 15 साल के बच्चों के आधार अपडेट की 125 रुपये की फीस 30 सितंबर 2026 तक माफ की गई है। वहीं, 15 से 17 साल के किशोरों का पहला बायोमेट्रिक अपडेट भी फ्री रहेगा। UIDAI के ये नए चार्जेस अब पूरे देश में लागू हो गए हैं और 30 सितंबर 2028 तक लागू रहेंगे।