आज से महिला क्रिकेट विश्व कप की धमाकेदार शुरुआत,
Google ने बदला अपना डूडल
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप का 13वां संस्करण आज से शुरू हो गया है। इस अवसर को खास बनाने के लिए गूगल ने एक आकर्षक डूडल जारी किया है, जो टूर्नामेंट की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। दिलचस्प बात यह है कि महिला विश्व कप की शुरुआत 1973 में हुई थी, यानी पुरुषों के पहले विश्व कप से दो साल पहले।
गूगल डूडल में क्रिकेट की झलक गूगल के इस डूडल में “Google” को रंग-बिरंगे अक्षरों में दिखाया गया है, जिसमें अक्षर O को गेंद और L को विकेट के रूप में सजाया गया है। डूडल के शेयर आइकन पर क्लिक करने से यूजर सीधे गूगल डूडल पेज पर पहुंच जाते हैं, जहां टूर्नामेंट की जानकारी साझा की गई है।
उद्घाटन मैच भारत बनाम श्रीलंका दरअसल इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला गुवाहाटी में खेला जा रहा है, जहां सह-मेजबान भारत और श्रीलंका आमने-सामने हैं। भारतीय टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में है, जबकि उपकप्तान स्मृति मंधाना हैं। वहीं इस बार कुल आठ टीमें खिताब की दौड़ में हैं। जिनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्ट इंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं। आपको बताते चलें कि इस बार टूर्नामेंट में कुल 31 मैच खेले जाएंगे।
रोमांचक होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला वहीं इनमे से सबसे चर्चित मुकाबला आने वाले 5 अक्टूबर को होने वाला है। जो भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेला जाएगा। बताया जा रहा है कि, राजनीतिक परिस्थितियों के चलते यह मुकाबला तटस्थ स्थान पर आयोजित किया जाना है।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड सबसे मजबूत दावेदार वहीं इस महिला विश्व कप के इतिहास की सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया बताई जा रही है, जिसने अब तक सात बार खिताब जीता है। वह 9 अक्टूबर को विशाखापट्टनम में भारत से भिड़ेगी। इंग्लैंड इस बार चार्लोट एडवर्ड्स के कोचिंग में और कप्तान नैट सिवर-ब्रंट के नेतृत्व में उतरेगा। न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज भी टूर्नामेंट में दमखम दिखाने के लिए तैयार हैं।
मेजबानी और फाइनल मुकाबला जानकारी के मुताबिक ये टूर्नामेंट पांच स्थलों पर खेला जाएगा, जिनमे से चार भारत और एक श्रीलंका में खेला जाना तय है। श्रीलंका अपने सभी लीग मुकाबलों की मेजबानी करेगा, सिवाय उद्घाटन मैच और 20 अक्टूबर को मुंबई में होने वाले बांग्लादेश के खिलाफ मैच के। नॉकआउट स्टेज भारत में खेले जाएंगे और फाइनल मुकाबला 2 नवंबर को आयोजित होगा। 2025 महिला विश्व कप के आगाज के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों के लिए अगले एक महीने तक रोमांचक मुकाबलों की दावत तैयार है।