मुंबई को RDX से उड़ाने की दी थी धमकी,
आरोपी को मुंबई पुलिस ने नोएडा से दबोचा
3 days ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
गणपति विसर्जन से ठीक पहले मुंबई पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर भेजे गए धमकी भरे संदेश ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। मुंबई पुलिस की त्वरित कार्रवाई और नोएडा पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। 50 वर्षीय आरोपी की पहचान अश्विनी के रूप में हुई है, जो नोएडा के सेक्टर 79 की एक सोसाइटी में रहता था और वास्तु व ज्योतिष का काम करता है।
मुंबई पुलिस की सक्रियता से हुई गिरफ्तारी
सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरा मैसेज मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर भेजा गया था। इसमें दावा किया गया था कि “लश्कर-ए-जिहादी” के 14 आतंकी मुंबई में दाखिल हो चुके हैं और 400 किलो RDX को 34 गाड़ियों में लगाकर बड़ा धमाका करने वाले हैं, जिससे एक करोड़ लोगों की मौत हो सकती है। इस मैसेज के बाद मुंबई पुलिस के ज्वाइंट सीपी (क्राइम) ने नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से संपर्क किया। कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा की देखरेख में स्वॉट टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी का पता लगाया। एक ग्रॉसरी शॉप से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अश्विनी की लोकेशन नोएडा के सेक्टर 79 में कन्फर्म हुई। नोएडा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सोरखा गांव से उस व्यक्ति को भी पकड़ा, जिसका सिम कार्ड अश्विनी इस्तेमाल कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वॉट टीम को कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ₹25,000 इनाम देने की घोषणा की है।
गणपति विसर्जन के बीच मुंबई में हाई अलर्ट
धमकी भरे संदेश के बाद मुंबई पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गई। खासकर इसलिए क्योंकि यह धमकी उस समय आई, जब शहर में बड़े पैमाने पर गणपति विसर्जन की तैयारियां चल रही थीं। सरकार से लेकर पुलिस महकमे तक सभी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। मुंबई पुलिस ने शहर में सुरक्षा कड़ी करने के लिए 18,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। इसके अलावा 12 एडिशनल कमिश्नर, 40 डीसीपी और 3,000 पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा ड्यूटी पर मौजूद हैं। संभावित खतरे से निपटने के लिए 50 ड्रोन और AI तकनीक के जरिए निगरानी की जा रही है। मुंबई शहर में 10,000 CCTV कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं, महाराष्ट्र SRPF की 14 कंपनियां, CAPF की 4 कंपनियां, बम निरोधक दस्ते और 400 से ज्यादा पेट्रोलिंग वाहन शहर में तैनात हैं।