पाकिस्तान खाली करे कश्मीर...
संयुक्त राष्ट्र परिषद के सत्र में भारत ने की मांग
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
भारत ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के 60वें सत्र में भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान की नीतियों और हरकतों को जमकर घेरा। भारत ने स्पष्ट रूप से कहा कि पाकिस्तान पहले अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों को खाली करे और अपनी आंतरिक समस्याओं पर ध्यान दे।
पाकिस्तानी बयान का जवाब दरअसल सत्र के दौरान, पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान दिया गया था। इसके जवाब में क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान की हरकतों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि UNHRC को निष्पक्ष और गैर-चयनशील होना चाहिए, क्योंकि यदि केवल कुछ चुनिंदा देशों पर ध्यान केंद्रित किया गया तो वैश्विक चुनौतियों से ध्यान भटक जाएगा।
भारत की नसीहत भारतीय राजनयिक ने पाकिस्तान को करारा संदेश देते हुए कहा, "पाकिस्तान इस मंच का भारत के खिलाफ गलत इस्तेमाल कर रहा है। उसे हमारे क्षेत्र पर नजर रखने की बजाय अवैध कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों को खाली करना चाहिए। साथ ही अपनी अर्थव्यवस्था को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए, जिसके सहारे उसका जीवन टिका हुआ है।" उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि पाकिस्तान को अपनी सेना के प्रभुत्व को खत्म करना होगा और मानवाधिकारों के रिकॉर्ड में सुधार करना चाहिए।
आतंकवाद पर भारत ने उठाया मुद्दा क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान द्वारा भेजे गए आतंकवादियों की गतिविधियों को भी याद दिलाया। उन्होंने कहा, "इस साल अप्रैल में पहलगाम में हमला पाकिस्तान के आतंकवादियों द्वारा किया गया। क्या हम उरी या मुंबई हमलों को भूल जाएं? भारत और पूरी दुनिया पाकिस्तान की इन हरकतों को नहीं भूलेगी।" भारत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान आतंकियों को पनाह देकर और मानवाधिकारों का उल्लंघन करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना जिम्मा नहीं निभा रहा।