PM मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन...
GST रोलआउट को बताया आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने GST 2.0 के रोलआउट से कुछ घंटे पहले देश को संबोधित करते हुए नवरात्रि की शुभकामनाएं दी और 'GST सेविंग्स फेस्टिवल' की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन ही देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है।
नवरात्रि के पहले दिन, GST 2.0 लागू प्रधानमंत्री ने कहा, “कल शक्ति की पूजा का पर्व नवरात्रि शुरू हो रहा है। नवरात्रि के पहले दिन ही देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है।” मोदी ने इसे GST सेविंग्स फेस्टिवल बताया और कहा कि इस बदलाव से लोगों की जेब में राहत आएगी और लोग अपनी पसंद की चीजें आसानी से खरीद पाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम न सिर्फ त्योहारों के मौसम में उपभोक्ताओं के लिए राहत देगा, बल्कि कारोबारी माहौल को भी मजबूत करेगा।
विकास और निवेश को मिलेगी रफ्तार प्रधानमंत्री ने नए GST सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ये सुधार देश की विकास यात्रा को गति देंगे। उन्होंने कहा कि कारोबार करना आसान होगा, ज्यादा निवेश आएगा और हर राज्य को प्रगति का बराबर हिस्सा मिलेगा। PM मोदी ने यह भी बताया कि सुधारों से गरीब, मध्यम वर्ग, युवा, महिलाएं, किसान, दुकानदार और व्यापारी सभी को लाभ मिलेगा।
आम जनता की जेब पर असर पीएम मोदी ने कहा कि होटल, यात्रा, वाहन और सामान की खरीद पर कम GST होने से आम जनता की जेब पर बोझ कम होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बचत उत्सव से लोगों के चेहरे पर मुस्कान आएगी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि अगर इनकम टैक्स और GST छूट को जोड़ दिया जाए, तो देशवासियों को 2.5 लाख करोड़ से अधिक की बचत होगी।
नागरिक देवो भव: मंत्र के साथ आगे प्रधानमंत्री ने कहा, “हम नागरिक देवो भव: के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। GST सुधार का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे और व्यापारी इसे कस्टमर तक पहुंचाने में जुटे हैं।” विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम के साथ यह कदम ट्रांसपेरेंसी और टैक्स कलेक्शन में भी सुधार करेगा।