अब UP निक्की के बाद MP की खुशबू, पति ने चाकू गर्म करके…
जुल्म की ये दास्तां सुनकर उड़ जाएंगे होश
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
यूपी में निक्की भात्य कांड के बाद अब MP के खरगोन जिले के अंजड इलाके से भी दहेज को लेकर दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता को उसके पति ने ऐसी यातना दी, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। आरोप है कि पति दिलीप शादी के बाद से ही पत्नी खुशबू को नापसंद करता था और लगातार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करता था। रविवार रात को नशे की हालत में उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
गैस पर चाकू गरम कर 50 बार दागा
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात दिलीप ने पहले खुशबू के साथ जमकर मारपीट की, फिर गैस के चूल्हे पर चाकू गरम किया और उसे पत्नी के शरीर पर करीब 50 बार दागा। इतना ही नहीं, दर्द से तड़प रही खुशबू को उसने फिर से पीटा और धमकी दी – “या तो दहेज ला, वरना ऐसे ही पिटती रह।”
2 फरवरी को हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, नवविवाहिता खुशबू की शादी 2 फरवरी 2025 को बड़वानी जिले के अंजड निवासी दिलीप पिपलिया से हुई थी। शादी के बाद से ही पति का व्यवहार खराब था। खुशबू का आरोप है कि दिलीप उसे पसंद नहीं करता था और बार-बार दहेज की मांग करते हुए मारपीट करता था।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलने पर पीड़िता का भाई अंजड पहुंचा और अपनी बहन को मेनगांव थाना क्षेत्र के अवरकच्छ स्थित मायके ले गया। सोमवार को परिजनों ने खुशबू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
जैतापुर थाना की महिला एएसआई ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया। खुशबू ने पुलिस और मीडिया को बताया कि उसका पति शादी के बाद से ही उसे नापसंद करता था, नशे में धुत होकर मारपीट करता था और दहेज की मांग करता था। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।