जम्मू में भूस्खलन…अस्थाई रूप से रोकी गई वैष्णो देवी यात्रा,
कई श्रद्धालु हुए जख्मी
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में मंगलवार को माता वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते पर भूस्खलन की घटना हुई। अधिकारियों के मुताबिक, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण यह हादसा हुआ। आशंका जताई जा रही है कि इस भूस्खलन में कुछ लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर लगातार कार्य कर रहे हैं। वहीं इस हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
श्राइन बोर्ड का बयान
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट जारी कर जानकारी दी है। पोस्ट में बताया गया कि अर्धकुमारी में इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन हुआ है। बोर्ड ने कहा कि राहत और बचाव अभियान तेजी से चल रहा है और प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
भारी बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। भूस्खलन के अलावा नदियों में पानी का स्तर बढ़ गया है, जिसके चलते निचले क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
भारत मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही चेतावनी जारी की थी। चेतावनी में कहा गया था कि 26 अगस्त को जम्मू रीजन में कई जगहों पर भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कश्मीर के दक्षिणी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई थी। कुछ संवेदनशील इलाकों में बादल फटने और बाढ़ आने का खतरा बताया गया था। मौसम विभाग ने लोगों से नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी थी, क्योंकि भूस्खलन और पत्थर गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
प्रशासन की अपील
रियासी प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। सुरक्षा कारणों से वैष्णो देवी यात्रा तब तक स्थगित रहेगी, जब तक मौसम की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती और मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हो जाता।