जानें कल कैसा रहने वाला है आपके शहर के मौसम का हाल,
यूपी, बिहार, ओडिशा, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में IMD का अलर्ट
2 days ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
देश में सक्रिय मॉनसून अब अपने रौद्र रूप में है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने उत्तर से लेकर दक्षिण तक आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। कई राज्यों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और मौसम विभाग (IMD) ने 25 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आइए कल के मौसम की रिपोर्ट पर डालते हैं एक नजर..
उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश में 25 जुलाई को 18 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अनुमान है। झांसी, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, बस्ती, चित्रकूट, बांदा, महोबा समेत कई जिलों में आकाशीय बिजली और वज्रपात की चेतावनी है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
बिहार का हाल
बिहार के जहानाबाद, मुंगेर, भागलपुर, गया, खगड़िया, नालंदा जैसे 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। किसानों को खेतों में न जाने की सलाह दी गई है, ताकि बिजली गिरने और जलभराव से किसी प्रकार की क्षति से बचा जा सके।
दिल्ली का हाल
दिल्ली में 25 जुलाई को मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन 26 और 27 जुलाई को मूसलाधार बारिश की संभावना है। इस बीच यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है जिससे शहर में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
उड़ीसा का हाल
ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसी प्रकार, पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्रों और छत्तीसगढ़ में भी 25 और 26 जुलाई को भारी बारिश के आसार हैं। वहीं मध्य प्रदेश में 26 और 27 जुलाई को बारिश का जोर देखने को मिलेगा, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
दक्षिण भारत का हाल
केरल, माहे, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में 25 से 29 जुलाई के बीच लगातार बारिश का अनुमान है। इन राज्यों के तटीय और आंतरिक क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। स्कूलों में छुट्टी की संभावना और ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
पश्चिम भारत का हाल
25 से 30 जुलाई के बीच कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश होगी। वहीं गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रहेगा। मराठवाड़ा में 25 और 26 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।