क्या शशि थरूर की बहन ही है असली अमूल गर्ल..!
जानें क्या है इस क्यूट चेहरे के पीछे का सच
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
सफेद-लाल रंग की पोल्का डॉटेड फ्रॉक पहने अटरली-बटरली अमूल गर्ल को भला कौन नहीं जानता! 1966 में जन्मी ये प्यारी-सी बच्ची आज भी भारत के सबसे पॉपुलर विज्ञापन चेहरों में से एक है। त्योहारों की खुशियों से लेकर खेलों की जीत और सामाजिक मुद्दों पर चुटकी लेने तक, अमूल गर्ल हमेशा हमारे दिलों को गुदगुदाती रही है। लेकिन अब सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है कि इस अमूल गर्ल का चेहरा दरअसल कांग्रेस सांसद शशि थरूर की बहन शोभा थरूर श्रीनिवासन से प्रेरित है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दावा
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कहा गया कि अमूल गर्ल की प्रेरणा शोभा थरूर की बचपन की तस्वीर से ली गई थी। यह वीडियो मार्केटिंग कंसल्टेंट और स्पीकर डॉ. संजय अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया। वीडियो वायरल होने के बाद इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया और अब तक इसे 18 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
कैसे जुड़ा थरूर फैमिली का नाम ?
कहानी के मुताबिक, 1960 के दशक में अमूल एक छोटा ब्रांड था और उस वक्त पोलसन बटर का दबदबा था। पोलसन ने अपने विज्ञापनों में एक स्वीट और सॉफ्ट बटर गर्ल को दिखाया था। अमूल के एड हेड सिल्वेस्टर दाकुन्हा को चुनौती मिली कि वे पोलसन से अलग और आकर्षक पहचान बनाएं। जिसके बाद साल 1966 में उन्होंने एक मासूम चेहरे वाली बच्ची की तलाश शुरू की। जिसके बाद करीब 700 से ज्यादा तस्वीरें देखने के बाद भी उन्हें मनपसंद चेहरा नहीं मिला। तभी उन्हें अपने दोस्त चंद्रन थरूर (शशि थरूर के पिता) याद आए। उन्होंने थरूर फैमिली से बच्चों की तस्वीरें मंगवाईं। लिफाफा खोला तो एक 10 महीने की बच्ची की तस्वीर सामने आई, जिसकी छोटी-सी चोटी थी। दावा किया जा रहा है कि वही बच्ची शोभा थरूर श्रीनिवासन थीं और यहीं से अमूल गर्ल की प्रेरणा मिली।
शोभा थरूर की प्रतिक्रिया
अमेरिका में रह रही शोभा थरूर ने भी इस दावे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा, "मुझे डॉ. संजय अरोड़ा का यह वीडियो कई दोस्तों से मिला। हां, मैं पहली अमूल बेबी थी। हां, श्याम बेनेगल ने मेरी तस्वीरें खींची थीं। मेरी बहन स्मिता थरूर दूसरी कलर कैंपेन में थीं। हो सकता है यह सच हो, लेकिन हमें पक्का नहीं पता।"
अमूल का आधिकारिक बयान
हालांकि इस पूरे विवाद पर अमूल कंपनी ने साफ तौर पर कहा कि ये दावा सही नहीं है। अमूल ने बयान जारी करते हुए कहा, "हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि अमूल गर्ल का चित्रण शोभा थरूर से प्रेरित नहीं था। इसे 1960 के दशक में सिल्वेस्टर दा कुन्हा और इलस्ट्रेटर यूस्टेस फर्नांडिस ने बनाया था।"