महाराष्ट्र में फुटपाथ पर चल रहें लोगों को ट्रक ने कुचला,
4 लोगों की हुई मौत, 2 घायल
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
महाराष्ट्र के धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने फुटपाथ पर चल रहे छह लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तत्काल बीड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
देवदर्शन के लिए पेंडगांव गए थे लोग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के शिकार हुए लोग देवदर्शन के लिए पेंडगांव गए थे और लौटते समय यह दर्दनाक घटना हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रक की स्पीड काफी ज्यादा थी, जिसकी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया।
रांची में भी हुआ भीषण हादसा, मां-बेटी की मौत
इधर, झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में भी शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने कांके रोड पर जाम लगा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी जारी है।