भारत में हर आधे घंटे में करोड़पति बन रहा एक परिवार,
चार साल में 90% बढ़ा आंकड़ा
1 months ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
भारत की अर्थव्यवस्था अब तेज़ रफ्तार से आगे बढ़ रही है और इसका सीधा असर लोगों की संपत्ति और जीवनशैली पर देखने को मिल रहा है। मर्सिडीज-बेंज हुरुन इंडिया वेल्थ रिपोर्ट 2025 के अनुसार, देश में करोड़पति परिवारों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यह रिपोर्ट साफ दिखाती है कि भारत में हर तीस मिनट में एक नया करोड़पति परिवार जुड़ रहा है।
चार साल में लगभग दोगुनी हुई अमीरी 2021 में भारत में 4.58 लाख करोड़पति परिवार थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 8.71 लाख तक पहुंच गई। यानी चार सालों में भारत में करोड़पति परिवारों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। इस रिपोर्ट में उन परिवारों को करोड़पति की श्रेणी में रखा गया है जिनकी कुल संपत्ति 8.5 करोड़ रुपये या उससे अधिक है। इस तरह से भारत में अमीरी का दायरा तेजी से फैल रहा है।
मुंबई बनी करोड़पति राजधानी रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई देश की करोड़पति राजधानी बन चुकी है। यहां 1.42 लाख धनी परिवार रहते हैं। राज्यवार तस्वीर देखें तो महाराष्ट्र सबसे ऊपर है, जहां 1.75 लाख करोड़पति परिवार रहते हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 72,600, दिल्ली में 68,200 और बेंगलुरु में 31,600 करोड़पति परिवार दर्ज किए गए हैं। तमिलनाडु और दिल्ली में यह बढ़ोतरी तकनीक, वित्त और उद्योगों की तेजी के साथ-साथ मजबूत बाजारों की वजह से संभव हुई है।
लग्जरी की तरफ झुकाव भारत में करोड़पति परिवारों की संख्या बढ़ने के साथ ही लग्जरी की तरफ झुकाव भी तेजी से बढ़ रहा है। मर्सिडीज-बेंज इंडिया के सीईओ संतोष अय्यर का कहना है कि भारत की ग्रोथ घरेलू बाजार की मजबूती और युवाओं की बढ़ती आकांक्षाओं से संचालित है। उनके मुताबिक, आज की जनरेशन जेड लग्जरी चीजों को खरीदने में सबसे आगे आ रही है। हुरुन इंडिया के संस्थापक अनस रहमान जुनैद भी मानते हैं कि भारत में लग्जरी कारों की बिक्री, अरबपतियों की बढ़ती संख्या और शेयर बाजार का प्रदर्शन मिलकर भारत की आर्थिक उन्नति की रफ्तार को दर्शाते हैं।
करोड़पतियों का खर्च करने का अंदाज़ भारतीय करोड़पति परिवार सबसे ज्यादा शेयर, रियल एस्टेट और सोने पर निवेश कर रहे हैं। आधे से ज्यादा करोड़पतियों के पास लग्जरी कारें मौजूद हैं। पुरुषों में रोलेक्स घड़ियों की डिमांड सबसे ज्यादा है तो वहीं महिलाएं ज्वेलरी पर सबसे ज्यादा खर्च करती हैं। बच्चों के लिए महंगे खिलौनों की खरीदारी करोड़पति परिवारों की नई पहचान बन चुकी है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि 45 प्रतिशत करोड़पति ट्रैवलिंग को अपना सबसे बड़ा शौक मानते हैं, जबकि पढ़ना और खाना बनाना उनकी अन्य दिलचस्पियों में शामिल है।
लग्जरी सेवाओं की पसंद भारतीय करोड़पति सिर्फ महंगी चीजों पर ही नहीं बल्कि लग्जरी सेवाओं पर भी पैसा खर्च करना पसंद कर रहे हैं। उनकी पसंदीदा एयरलाइन एमिरेट्स है और ठहरने के लिए ताज होटल को सबसे बेहतरीन और लग्जरी विकल्प माना जाता है। यह स्पष्ट करता है कि भारत का उच्च वर्ग न सिर्फ घरेलू बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लग्जरी की दुनिया में कदम से कदम मिलाकर चल रहा है।