तूने मेले में 1500 रुपए कैसे खर्च कर दिए…पत्नी पर भड़का पति,
विवाहिता ने छत से कूदकर दे दी जान
25 days ago Written By: आदित्य कुमार वर्मा
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 1500 रुपये खर्च करने को लेकर पति-पत्नी में हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। गुस्से में आकर महिला ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी और उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय शोभा यादव के रूप में हुई है, जो पंचशील नगर में अपने पति और बच्चों के साथ रहती थी।
बच्चों की जिद पर गई थी मेला मिली जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र का है। घर के बच्चे मेला जाने की जिद कर रहे थे, जिसके बाद शोभा यादव 1500 रुपये लेकर बच्चों को मेला दिखाने गई। मेले में उसने पूरा पैसा खर्च कर दिया। जब वह घर लौटी और पति को इस बात का पता चला, तो दोनों में विवाद हो गया।
विवाद के बाद छलांग वहीं ये विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि रात करीब 12 बजे गुस्से में आकर शोभा ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दो मासूम बच्चों की मां थी शोभा बताया जा रहा है कि, मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। जिनमें एक की उम्र 5 साल और दूसरे की 3 साल बताई जा रही है। आस-पड़ोस के लोगों के मुताबिक पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था।
पति कैंसर पीड़ित वहीं जानकारी के मुताबिक शोभा और उसका पति मजदूरी करते थे। पति कैंसर पीड़ित है और बोलने में दिक्कत होती है, इस कारण पुलिस अभी उसका बयान दर्ज नहीं कर पाई है। शोभा मूल रूप से सिंगरौली की रहने वाली थी। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।