भारी बारिश के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया शहीदों को नमन…
सामने आया पूरा वीडियो…
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
देशभर में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उनके साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी इस श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए।
PM ने 103 मिनट के संबोधन से बनाया रिकार्ड
जिसके बाद ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया। इस बार प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। पीएम मोदी ने लगातार 12वीं बार लाल किले से भाषण देते हुए करीब 103 मिनट लंबा संबोधन किया, जो अब तक का सबसे लंबा स्वतंत्रता दिवस भाषण है। इससे पहले भी सबसे लंबे भाषण का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम था, जो 2024 में 98 मिनट का था। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देश के विकास, उपलब्धियों और आने वाले लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की। उनका यह भाषण स्वतंत्रता दिवस इतिहास में सबसे लंबा दर्ज हो गया।
राष्ट्रपति ने दिया था राष्ट्र के नाम संदेश
वहीं स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र के नाम संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि यह दिवस सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है, जो हमें भारतीय होने के गौरव का स्मरण कराता है। राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि हमारे लिए संविधान और लोकतंत्र सर्वोपरि हैं। उन्होंने 15 अगस्त को हमारी सामूहिक स्मृति में गहराई से अंकित वह दिन बताया, जिसका सपना देशवासियों की अनेक पीढ़ियों ने औपनिवेशिक शासन के दौरान देखा था- एक स्वतंत्र भारत का।