Bengal Files के डॉयरेक्टर ने सैफ और बेबो के बेटे पर कसा तंज,
अब दे रहे सफाई
1 months ago
Written By: ANJALI
‘द कश्मीर फाइल्स’ से सुर्खियां बटोर चुके डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री एक बार फिर अपनी नई फिल्म ‘बंगाल फाइल्स’ को लेकर चर्चा में हैं। 16 अगस्त को इसका ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसमें एक छोटे बच्चे का किरदार दिखाया गया है, जिसका नाम तैमूर रखा गया है। ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया और फैंस का मानना था कि निर्देशक ने इस नाम के जरिए करीना और सैफ पर तंज कसा है।
विवेक अग्निहोत्री ने दी सफाई
विवेक अग्निहोत्री हाल ही में रौनक शो में पहुंचे, जहां उन्होंने इस विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी। निर्देशक ने साफ कहा कि उनका मकसद किसी का मजाक उड़ाना नहीं है। उन्होंने कहा—
"बहुत से लोगों ने अपने बच्चों का नाम तैमूर रखा हुआ है। सैफ अली खान पहले ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जिन्होंने ऐसा किया है। जब मैं समरकंद में ‘ताशकंद फाइल्स’ की शूटिंग कर रहा था, तब मैंने तैमूर का मकबरा देखा था। उसके बाहर लिखा था कि उसने सबसे अमीर सल्तनत पर विजय प्राप्त की थी। लेकिन वह तब तक शासन स्वीकार नहीं करना चाहता था, जब तक कि दिल्ली पर विजय न पा ले।"
पहले भी नाम को लेकर हुआ था विवाद
गौरतलब है कि जब साल 2016 में करीना कपूर खान और सैफ अली खान ने अपने बेटे का नाम तैमूर रखा था, तब भी उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया था। अब ‘बंगाल फाइल्स’ में इसी नाम के उपयोग को लेकर फिर से बहस छिड़ गई है।
फिल्म से बढ़ी उम्मीदें
‘बंगाल फाइल्स’ का ट्रेलर रिलीज होते ही फिल्म को लेकर उत्सुकता और विवाद दोनों बढ़ गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म रिलीज के बाद दर्शक इसे किस नजरिए से देखते हैं।