इस एक्ट्रेस की फोटो लगाने के लिये निरहुआ ने पिता से खाई थी डांट,
जाने कौन है भोजपुरी सुपरस्टार की फेवरेट हीरोइन
4 days ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' जितने अपने दमदार अभिनय और सुपरहिट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, उतनी ही चर्चा उनकी बेबाकी और सादगी की भी होती है। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में अपने दिल का राज खोलते हुए बताया कि उनकी पसंदीदा बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर हैं।
बचपन में पोस्टर लगाने पर डांट खाई थी निरहुआ ने
निरहुआ ने यह खुलासा भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की बहन आंचल दुबे के पॉडकास्ट में किया। इस दौरान उन्होंने एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वे छोटे थे, तब उन्होंने अपने कमरे की दीवारों पर करिश्मा कपूर के पोस्टर लगाकर सजाया हुआ था। लेकिन उनके पिता को यह बिल्कुल पसंद नहीं आता था। निरहुआ ने बताया, "मैं करिश्मा कपूर के इतने पोस्टर दीवार पर लगाता था कि एक-एक इंच खाली नहीं छोड़ता था। जब पापा भगवान की फोटो के सामने अगरबत्ती घुमाते थे और करिश्मा को देखते थे, तो नाराज हो जाते थे। डांट भी खूब पड़ती थी।"
आज भी हैं करिश्मा के बड़े फैन
उन्होंने यह भी बताया कि आज भी वह करिश्मा कपूर के बड़े फैन हैं। वह करिश्मा की एक-एक फिल्म को कई बार देख चुके हैं। इस मासूम और दिलचस्प खुलासे ने सोशल मीडिया पर भी लोगों को खूब प्रभावित किया है। फैंस को उनका ये अंदाज़ बेहद पसंद आ रहा है।
गायक से सुपरस्टार बनने का सफर
गौरतलब है कि निरहुआ ने अपने करियर की शुरुआत एक गायक के रूप में की थी। उन्होंने शुरुआती दिनों में शादियों और लोक आयोजनों में गाना गाया। उनका एल्बम 'निरहुआ सटल रहे' सुपरहिट हुआ और यहीं से उनके करियर को उड़ान मिली। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा को एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं।
आम्रपाली दुबे के साथ ऑनस्क्रीन जोड़ी हिट
निरहुआ की जोड़ी आम्रपाली दुबे के साथ ऑनस्क्रीन खूब सराही जाती है। दोनों ने साथ में कई हिट फिल्में दी हैं और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।