सावन महीने की होने वाली है शुरुआत,
ऐसे करें भोलेनाथ को प्रसन्न
1 months ago
Written By: ANJALI
सावन का महीना भगवान शिव का प्रिय मास माना जाता है। यह महीना न सिर्फ आध्यात्मिक दृष्टि से खास होता है, बल्कि ज्योतिषीय दृष्टि से भी अत्यंत फलदायी माना गया है। सावन से लेकर कार्तिक मास तक ब्रह्मांड की ऊर्जा का संचालन स्वयं भगवान शिव करते हैं। इस दौरान यदि पूरी श्रद्धा और विधिपूर्वक पूजा की जाए, तो साधक को शिव-शक्ति की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
अगर आप भी अपने जीवन की समस्याओं, आर्थिक संकटों और मानसिक उलझनों से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो सावन के महीने में कुछ खास पवित्र वस्तुओं को घर लाना अत्यंत शुभ माना गया है। आइए जानते हैं इन शुभ वस्तुओं के बारे में...
1. महामृत्युंजय यंत्र: रोग, भय और वास्तु दोष से मुक्ति
सावन मास में महामृत्युंजय यंत्र को घर लाना अत्यंत शुभ फल देने वाला होता है। इसे सोमवार के दिन विधिवत शिव पूजन करके घर में स्थापित करें। यह यंत्र नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त करता है और परिवार में सुख-शांति लाता है। विशेष रूप से यह यंत्र वास्तु दोष को भी दूर करता है।
2. चांदी का नंदी: आर्थिक संकट से मुक्ति का उपाय
भगवान शिव के वाहन नंदी को घर में स्थापित करना अत्यंत शुभ माना गया है। सावन के किसी भी सोमवार को चांदी से बना हुआ नंदी खरीदें और उसे घर की तिजोरी या पूजा स्थान में रखें। यह उपाय धन संबंधित परेशानियों को दूर करता है और जीवन में स्थिरता लाता है।
3. पारद शिवलिंग: शिव कृपा से मिलेगी समृद्धि
अगर आप भगवान शिव की अनंत कृपा प्राप्त करना चाहते हैं तो सावन मास में पारद (पारे से बना) शिवलिंग घर लाएं। इसे गंगाजल या कच्चे दूध से अभिषेक कर स्थापित करें। पारद शिवलिंग घर में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
4. डमरू: नकारात्मकता और बाधाओं से मुक्ति
डमरू भगवान शिव का प्रिय वाद्य यंत्र है। सावन के महीने में डमरू को घर लाना, विशेषकर सोमवार के दिन, बहुत ही शुभ माना गया है। इसे पूजा के समय बजाएं और फिर पूजा घर में सुरक्षित स्थान पर रखें। इससे न केवल नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की प्राप्ति भी होती है।