पीरियड के दर्द से पाना है छुटकारा,
तो घर पर मौजूद इन चीजों का करें सेवन
22 days ago
Written By: ANJALI
हर महीने महिलाओं को पीरियड्स के दौरान होने वाले पेट, पीठ और कमर के दर्द का सामना करना पड़ता है। कई बार यह दर्द इतना अधिक हो जाता है कि न ही कोई काम करने का मन करता है और न ही शरीर में ताकत बचती है। ऐसे में दवाइयों पर निर्भर रहने की बजाय कुछ प्राकृतिक खाद्य पदार्थों की मदद ली जा सकती है, जो न केवल दर्द को कम करते हैं, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूती भी देते हैं। यहां जानिए वे 6 चीज़ें जो पीरियड्स के दर्द को कम करने में कारगर साबित हो सकती हैं:
1. अदरक का काढ़ा – सूजन और ऐंठन दोनों से राहत
अदरक में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व दर्द और सूजन को कम करने में मदद करते हैं। गुनगुने पानी में अदरक उबालकर उसका काढ़ा बनाएं और दिन में दो बार पिएं। इससे पेट की ऐंठन और मरोड़ में राहत मिलती है।
2. केला – मूड और मांसपेशियों का रखे ख्याल
केला पोटैशियम और विटामिन B6 से भरपूर होता है, जो मूड को बेहतर बनाने और मांसपेशियों की ऐंठन को कम करने में मदद करता है। पीरियड्स के दौरान दिन में एक या दो केले जरूर खाएं।
3. हल्दी वाला दूध – दर्द से राहत पाने का पुराना लेकिन असरदार तरीका
हल्दी में एंटीसेप्टिक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। रात को सोने से पहले गुनगुने दूध में आधा चम्मच हल्दी मिलाकर पिएं। यह शरीर को आराम देने के साथ दर्द में राहत पहुंचाता है।
4. तिल – मांसपेशियों को दे आराम
तिल में कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम की भरपूर मात्रा होती है, जो यूट्रस की मांसपेशियों को रिलैक्स करता है। भुने हुए तिल या तिल के लड्डू का सेवन पीरियड्स के दौरान जरूर करें।
5. डार्क चॉकलेट – मूड बूस्टर और दर्द कम करने वाला
डार्क चॉकलेट में मौजूद मैग्नीशियम न केवल मांसपेशियों की ऐंठन को कम करता है, बल्कि मूड को भी बेहतर बनाता है। रोज़ाना एक छोटा टुकड़ा कम शुगर वाली डार्क चॉकलेट खाएं।
6. नारियल पानी – हाइड्रेशन है जरूरी
पीरियड्स के दौरान डिहाइड्रेशन दर्द को और बढ़ा सकता है। नारियल पानी में भरपूर इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखते हैं। दिन में दो बार नारियल पानी पीने से थकान और दर्द दोनों से राहत मिल सकती है।
पीरियड्स के दौरान केवल आराम ही नहीं, बल्कि सही डाइट लेना भी बहुत जरूरी है। ऊपर बताए गए फूड्स न सिर्फ दर्द को कम करते हैं, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत और बैलेंस में भी रखते हैं। अगली बार जब आप इस दर्द से परेशान हों, तो इन घरेलू उपायों को जरूर अपनाएं।