पुरुषों के लिए बनी गर्भ निरोधक गोली, इंसानों पर पहला टेस्ट हुआ सफल,
जानें इससे क्या हो सकता है फायदा
2 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Birth Control Pill: अब तक बर्थ कंट्रोल यानी गर्भ निरोधक उपायों की बात होती थी तो महिलाओं के पास कई विकल्प होते थे गोलियां, इंजेक्शन, IUCD वगैरह। लेकिन पुरुषों के पास केवल दो ही विकल्प होते हैं कंडोम और नसबंदी। लेकिन अब इस स्थिति में बड़ा बदलाव आ सकता है। पुरुषों के लिए भी एक बर्थ कंट्रोल पिल तैयार की गई है, जिसने इंसानों पर किए गए शुरुआती ट्रायल में सफलता हासिल कर ली है। यह दवा आगे चलकर पुरुषों को सुरक्षित, असरदार और अस्थायी गर्भनिरोधक विकल्प दे सकती है।
YCT-529 पुरुषों के लिए बनी पहली गर्भ निरोधक गोली
यह दवा YCT-529 नाम से जानी जा रही है। इसे अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी और एक बायोटेक कंपनी YourChoice Therapeutics ने मिलकर तैयार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दवा का ट्रायल 16 पुरुषों पर किया गया। जांच के दौरान यह देखा गया कि यह दवा शरीर में सही मात्रा में पहुंच रही है या नहीं और इसका कोई गंभीर साइड इफेक्ट तो नहीं हो रहा है। रिसर्च के दौरान किसी भी व्यक्ति में दिल की धड़कन तेज होना, हार्मोनल बदलाव, यौन क्षमता में बदलाव या सूजन जैसी समस्याएं नहीं देखी गईं। डॉक्टरों का कहना है कि यह दवा शुरुआती ट्रायल में पूरी तरह सुरक्षित साबित हुई है। अब इस दवा का अगला ट्रायल ज्यादा लोगों पर किया जाएगा, जिसमें इसके असर और सुरक्षा पर गहराई से अध्ययन होगा।
अगर पास हुई तो पुरुषों के लिए होगा ये बड़ा विकल्प
अब तक पुरुषों के पास गर्भ निरोधक के रूप में सिर्फ कंडोम या फिर स्थायी नसबंदी का ही विकल्प था। लेकिन अगर यह दवा आगे चलकर मंजूर हो जाती है तो यह इस श्रेणी की पहली और बड़ी खोज होगी। मिनेसोटा यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर गूंडा जॉर्ज ने बताया कि इस दवा से कपल्स को गर्भ नियंत्रण के नए और असरदार विकल्प मिल सकते हैं।
पहले चूहों पर भी हुआ था सफल टेस्ट
इस दवा को इंसानों पर ट्रायल से पहले चूहों और अन्य जानवरों पर भी टेस्ट किया गया था। चूहों में यह दवा 99 प्रतिशत तक सफल रही थी और खास बात ये रही कि दवा बंद करने पर उनकी प्रजनन क्षमता फिर से लौट आई थी।
कैसे काम करती है मेल बर्थ कंट्रोल पिल
यह दवा शरीर में स्पर्म बनने की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए रोक देती है। दरअसल, हमारे शरीर में एक खास प्रोटीन होता है जिसे रेटिनोइक एसिड रिसेप्टर अल्फा कहा जाता है। यह प्रोटीन ही स्पर्म उत्पादन में मदद करता है। YCT-529 दवा इस प्रोटीन की क्रिया को अस्थायी रूप से रोक देती है, जिससे शरीर में सीमेन तो बनता है, लेकिन उसमें स्पर्म नहीं होता। इस तरह गर्भधारण की संभावना काफी हद तक खत्म हो जाती है।