Health Alert: इन 5 संकेतों से समझिए पेट की सेहत हो रही खराब,
वक्त रहते संभले नहीं तो होगा बड़ा नुकसान
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Health Alert: पेट की सेहत यानी गट हेल्थ हमारे पूरे शरीर को प्रभावित करती है। लेकिन बहुत से लोग इसके शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं। एक विशेषज्ञ ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में पेट से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी दी। वे डायबिटीज रिवर्सल और कार्डियो-मेटाबॉलिक बीमारियों के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने बताया कि कमजोर पेट की सेहत के कुछ खास संकेत होते हैं, जिन्हें हमें बिल्कुल नहीं नज़रअंदाज़ करना चाहिए। उनका कहना है लोग कहते हैं कि पेट दूसरा दिमाग है लेकिन अब समय बदल गया है। आज पेट ही पहला दिमाग है। असली दिमाग तो सिर्फ उसे फॉलो कर रहा है। उन्होंने पोस्ट में पेट की खराब सेहत के पांच संकेत बताए हैं।
लगातार गैस बनना और बदहजमी
अगर आपको हर समय पेट फूला हुआ लगता है या खाना पचता नहीं तो यह गट हेल्थ का बिगड़ा संतुलन हो सकता है। यह समस्या पेट में अच्छे और बुरे बैक्टीरिया के असंतुलन या एंजाइम की कमी से होती है।
थकान और ध्यान में कमी
पूरी नींद लेने के बाद भी थकान महसूस हो रही है ध्यान नहीं लग पा रहा तो यह भी खराब पेट की वजह से हो सकता है। पोषक तत्व अच्छे से न पचने पर शरीर और दिमाग दोनों कमजोर हो जाते हैं।
मीठा खाने की तीव्र इच्छा
अगर आपको बार-बार चीनी या मीठा खाने का मन करता है तो हो सकता है कि आपके पेट में खराब बैक्टीरिया ज़्यादा हो गए हों। ये बैक्टीरिया ज्यादा चीनी की मांग करते हैं और यह एक बुरी आदत बन जाती है।
त्वचा की समस्याएं
मुंहासे, खुजली या एक्जिमा जैसी समस्याएं भी पेट की खराब सेहत से जुड़ी होती हैं। अगर गट में सूजन है या लीक गट सिंड्रोम है, तो इसका असर सीधा त्वचा पर पड़ता है।
कमजोर इम्यूनिटी
बार-बार सर्दी-जुकाम होना या एलर्जी की शिकायत होना भी कमजोर पेट की पहचान हो सकती है। हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता का बड़ा हिस्सा पेट से जुड़ा होता है।